लोकNiti

मासूम से खरपतवार नाशक का छिड़काव: सुरक्षा नियमों की उड़ी धज्जियां

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कटिहार जिले से सामने आया यह वीडियो देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
यह दृश्य कटिहार जिले के डेहरिया पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, ताजगंज चिलमारा का बताया जा रहा है। वीडियो में एक मासूम बच्चा स्कूल परिसर के बाहर में खरपतवार नाशक दवा का छिड़काव करता नजर आ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बच्चे ने न तो हाथों में सेफ्टी ग्लव्स पहने हैं और न ही मुंह पर मास्क। जहरीले केमिकल का छिड़काव बिना किसी सुरक्षा उपाय के कराया जा रहा है। हवा के साथ अगर ये जहरीले रसायन बच्चे के नाक या मुंह में चले जाएं, तो उसकी सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।
स्थानीय ग्रामीण बताते हैं कि “ये काम तो स्कूल के चपरासी का है, वो भी पूरी सुरक्षा के साथ। लेकिन यहां मासूम बच्चे से जान जोखिम में डालकर ये काम कराया जा रहा है। ये बेहद शर्मनाक है।” स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षा ग्रहण करने आए बच्चों से इस तरह का खतरनाक काम कराना पूरी तरह गैरकानूनी और अमानवीय है। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले की तुरंत जांच कर दोषी शिक्षकों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सवाल ये है कि जब स्कूल ही बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं, तो अभिभावक अपने बच्चों का भविष्य कैसे संवारें? यह शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है। जिला प्रशासन इस मामले पर क्या कदम उठाता है, इस पर हमारी नजर बनी रहेगी।

More News

Scroll to Top